Latest News

💧’दो बूंद ज़िंदगी की’ का महाअभियान: 28 जून से हर बच्चे तक पहुंचेगी पोलियो की सुरक्षा, रायगढ़ में 1.34 लाख बच्चों का लक्ष्य

रायगढ़। पोलियो जैसी गंभीर और स्थायी विकलांगता पैदा करने वाली बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 28 से 30 जून तक संचालित किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 34 हजार 980 बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाई जाएगी।

अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 28 जून को सुबह 8 बजे रामभाठा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, संजय मैदान में महापौर के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।

अभियान के पहले दिन 28 जून को जिले के 1307 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को चिन्हित करेंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। ऐसे सभी बच्चों को उनके घर पर ही पोलियो की खुराक देकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के सभी विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। खंड चिकित्सा अधिकारियों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधकों, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मितानिनों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।

दूरस्थ एवं विशेष क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 25 मोबाइल टीमें, 19 ट्रांजिट टीमें, 13 मेला एवं बाजार स्थल टीमें तथा 283 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। ये टीमें ईंट-भट्ठों, औद्योगिक क्षेत्रों, मलीन बस्तियों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मेलों एवं साप्ताहिक बाजारों जैसे स्थानों पर विशेष रूप से अभियान संचालित करेंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो उन्मूलन तभी संभव है, जब हर परिवार अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाए। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के परिवारों को भी इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया और कहा कि जनसहभागिता से ही पोलियो मुक्त भारत का संकल्प मजबूत होगा।।

Aslam Khan

मेरा नाम असलम खान है, मैं MaandPravah.com का संपादक हूँ। इस पोर्टल पर आप छत्तीसगढ़ सहित देश विदेश की ख़बरों को पढ़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button