🚨LATEST NEWS:🚨 🎯केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने किया ‘भगवान बिरसा मुंडा : एक अमर गाथा’ डॉक्यूमेंट्री के ट्रेलर का शुभारंभ…पढ़िए खबर।🎯📢🎯📢🎯📢🎯

नई दिल्ली। मदारी आर्ट्स के बैनर तले निर्माता-निर्देशक गोविंद मिश्रा के निर्देशन में निर्मित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘भगवान बिरसा मुंडा : एक अमर गाथा’ के ट्रेलर का शुभारंभ केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री भारत सरकार श्री जुएल ओराम के कर कमलों से किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री जुएल ओराम ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म के निर्माण के लिए मदारी आर्ट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और संघर्ष जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि “मदारी आर्ट्स द्वारा निर्मित यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म जनजातीय समुदायों की गौरवशाली कहानियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमें गर्व है कि मदारी आर्ट्स इस महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा है।”

इस संबंध में मदारी आर्ट्स के आनंद कुमार गुप्त ने बताया कि संस्था लंबे समय से सार्थक और संदेशपरक फिल्मों के निर्माण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। ‘भगवान बिरसा मुंडा : एक अमर गाथा’ भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

उन्होंने कहा कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म का उद्देश्य धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को देश-विदेश तक पहुंचाना है। साथ ही, भारत सरकार द्वारा जनजातीय समाज के विकास और उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी जन-जन तक पहुंचाना इस फिल्म का प्रमुख उद्देश्य है।

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च को जनजातीय संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली विरासत को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।



