किराना दुकान की आड़ में चल रही थी ‘मधुशाला’, पुलिस ने मारी रेड तो माँ-बेटे ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा….

कुड़ेकेला: छाल क्षेत्र में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। महाराणा प्रताप चौक के आगे एक महिला लंबे समय से हाथ भट्ठी महुआ शराब और विदेशी मदिरा का अवैध कारोबार चला रही थी। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद सोमवार सुबह छाल पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के दबिश दी, जहां कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने कानून की नजरों से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। घर के मुख्य दरवाजे पर हमेशा ताला लटका रहता था ताकि किसी को संदेह न हो। वहीं घर की खिड़की को ही उसने “सप्लाई काउंटर” बना रखा था। ग्राहक बाहर से पैसे देते और अंदर से अवैध शराब खिड़की के जरिए पहुंचा दी जाती थी।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस अवैध कारोबार के चलते क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा था। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी। आखिरकार लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर सोमवार सुबह पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से रेड की।
पुलिस पहुंची तो घर में मचा हड़कंप
सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीम के पहुंचते ही महिला ने घर के अंदर रखी अवैध शराब और अन्य सबूतों को जल्दबाजी में ठिकाने लगाने की कोशिश शुरू कर दी। पुलिस जब दरवाजा खटखटाती रही तो काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए किसी तरह घर के भीतर प्रवेश किया और मुख्य गेट अंदर से खुलवाया।
माँ-बेटे ने पुलिस से की बहसबाजी
कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला और उसका बेटा पुलिस टीम से ही उलझ पड़े। दोनों ने तलाशी प्रक्रिया में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों से तीखी बहसबाजी की। हालांकि पुलिस टीम ने संयम बनाए रखा और कार्रवाई जारी रखी।

ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
इस कार्रवाई के बाद आसपास के ग्रामीणों ने राहत जताई है। लोगों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री के कारण क्षेत्र में लगातार असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।।



