🚨LATEST NEWS:🚨 🎯अफवाहबाजों की अब खैर नहीं: छाल तहसीलदार लोमेश मिरी का सख्त अल्टीमेटम, पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी की तो सीधे होगी कार्रवाई….पढ़िए खबर।🔥🔥

कुड़ेकेला/छाल से वरिष्ठ पत्रकार बुधराम अग्रवाल की खास रिपोर्ट। क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों और जमाखोरी की आशंकाओं पर प्रशासन ने अब पूरी तरह शिकंजा कस दिया है। छाल तहसीलदार ने अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि गड़बड़ी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जरूरत पड़ी तो सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
इसी गंभीर मुद्दे को लेकर तहसील कार्यालय में एक हाई प्रोफाइल आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें खाद्य विभाग, पुलिस प्रशासन, पेट्रोल पंप संचालक और गैस एजेंसी संचालक मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना और जनता के बीच फैले भ्रम को खत्म करना था।

तहसील कार्यालय में जुटे अधिकारी और संचालक….
बैठक में खाद्य अधिकारी, छाल थाना प्रभारी, तहसील क्षेत्र के सभी 8 पेट्रोल पंप संचालक तथा 2 एलपीजी गैस एजेंसी संचालक शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रशासन ने सभी पंप संचालकों से स्टॉक की जानकारी ली और साफ निर्देश दिए कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डिब्बे-जरकिन में पेट्रोल देने पर पूरी तरह रोक….
तहसीलदार लोमेश मिरी ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि अब किसी भी ग्राहक को जरकिन, गैलन, डिब्बे या अन्य स्टोरेज बर्तनों में पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
लंबी लाइनों और अफरा-तफरी से निपटने की तैयारी….
प्रशासन ने पेट्रोल और डीजल के लिए अलग-अलग लाइनें लगाने के निर्देश दिए हैं, जिससे पंपों पर अव्यवस्था न फैले। साथ ही किसानों के ट्रैक्टरों और आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को जरूरत के अनुसार पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एम्बुलेंस, पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य इमरजेंसी सेवाओं के वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा।
गर्मी को देखते हुए विशेष व्यवस्था
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों के लिए ठंडा पानी और ओआरएस की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है, ताकि लंबी कतारों में लोगों को परेशानी न हो।
खाद्य अधिकारी बोले — ईंधन की कोई कमी नहीं
बैठक में खाद्य अधिकारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसी भी तरह की घबराहट फैलाने या अतिरिक्त स्टॉक जमा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने संचालकों को निर्देश दिए कि ग्राहकों को केवल जरूरत के हिसाब से ही ईंधन उपलब्ध कराया जाए।
थाना प्रभारी का सख्त संदेश…
छाल थाना प्रभारी श्री खान ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, हंगामा या अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस 24 घंटे मुस्तैद है और कानून हाथ में लेने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ संकेत मिल गया है कि अब छाल क्षेत्र में अफवाह फैलाकर मुनाफाखोरी करने वालों की दाल गलने वाली नहीं है। प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।




