🚨BIG NEWS:🚨हेड लाइन:🎯“सूखा नशा और अफीम की खेती के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल: 12 मार्च को भाजपा कार्यालय का घेराव”🔥🔥🎯📢🔴

रायगढ़। प्रदेश में तेजी से फैल रहे सूखा नशा और कथित अफीम की खेती के मुद्दे को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में 12 मार्च 2026 को रायगढ़ में भाजपा कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय के सामने आयोजित होगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में सूखा नशा और अफीम की खेती तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती का खुलासा हुआ है, जिससे यह संदेह गहराता है कि प्रदेश को नशे की खेती का गढ़ बनाने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस का कहना है कि इसी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रायगढ़ में भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध दर्ज कराया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे रायगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बिलाईगढ़ के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में बूथ, पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन, बीएलए की नियुक्ति तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) ने सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चा संगठनों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही यह आंदोलन प्रभावी और सफल हो सकेगा।।




