ACCIDENT NEWS: तेजपुर के पास सड़क हादसे में पत्रकार शेख आलम घायल, सिर में गंभीर चोट…रायगढ़ रेफर।

धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर, एम्बुलेंस में देरी पर परिजनों में नाराजगी..
धरमजयगढ़। तेजपुर के पास मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में पत्रकार शेख आलम घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे का वास्तविक कारण क्या था, इसकी फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना के बाद आपातकालीन सेवा से संपर्क किया गया और घायल पत्रकार को अस्पताल पहुंचाया गया।

सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर किया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
एम्बुलेंस में देरी को लेकर नाराजगी
घायल पत्रकार को रायगढ़ ले जाने के दौरान एम्बुलेंस के पहुंचने में देरी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। परिजनों का आरोप है कि आपात स्थिति में एम्बुलेंस के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। उनका कहना है कि गंभीर रूप से घायल मरीज के मामले में ऐसी देरी चिंता का विषय है।
इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।वहीं परिजनों दोस्त अहबाब व सभी पत्रकार साथियों ने खुदा से शेख आलम के जल्द स्वस्थ होने की दुआ प्रार्थना की है।




