23 तारीख के बाद आएं अयोध्या, 22 जनवरी को अपने घरों में जलाएं श्रीराम ज्योति, देश भर में हर्षोल्लास से मनाएं दीवाली : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राम की धरा अयोध्या नगरी में कई सौगातों की बौछार की। अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्धाटन के बाद पीएम मोदी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्यावासियों में उमंग स्वाभाविक है। देश की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं।
पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, 22 जनवरी को अपने-अपने घरों में श्री राम ज्योति जलाएं, बड़े हर्षोल्लास के साथ दीपावली मनाएं। 23 तारीख के बाद ही अयोध्या दर्शन करने आएं।
सिर्फ रामलला को नहीं बल्कि 4 करोड़ गरीबों को भी मिला पक्का घर
एक समय था जब पिछले 5 सौ सालों से यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के चार करोड़ गरीबों को भी मिला है। आजदी के आंदोलन से जुड़े ऐसे पावन दिवस पर आज हम आजादी के अमृतकाल के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।
22 जनवरी को घरों में श्रीराम राम ज्योति जलाएं, दिवाली मनाएं’
आज विकसित भारत के निर्माण को गति देने के अभियान को अयोध्या नगरी से नई ऊर्जा मिल रही है। आने वाले समय में अयोध्या नगरी अवध क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे यूपी के विकास को ये हमारी अयोध्या दिशा देने वाली है। एक और बड़ा कदम भारत ने उठाया है, वंदे भारत और नमो भारत के बाद एक और आधुनिक ट्रेन देश को मिली है। नई ट्रेन का नाम अमृत भारत रखा गया है। इन ट्रेनों की ये त्रिशक्ति भारतीय रेलवे का कायाकल्प करने जा रही है। आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि देश के सभी 140 करोड़ देशवासी, 22 जनवरी, 2024 के इस ऐतिहासिक दिन को जब अयोध्या में प्रभु विराजमान हों तब अपने घरों में श्रीराम राम ज्योति जलाएं, धूमधाम से दिवाली मनाएं।