Latest News

अरूण गुप्ता शहर और नेगी ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष होंगे !

रायगढ़, 15 मार्च: लोकसभा चुनाव के ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायगढ़ समेत 5-6 जिला कांग्रेस अध्यक्षों में बदलाव कर रही है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के संकेतों के अनुसार एक-दो दिन के भीतर ही नई नियुक्तियां की जाएंगी। आपको बता दें कि वर्तमान में अनिल शुक्ला शहर जिला व अरूण मालाकार जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के कार्यवाहक अध्यक्ष हैं।संसदीय चुनाव के ऐन मौके पर कई जिला कांग्रेस कमेटियों में परिवर्तन के पुख्ता संकेत मिले हैं। इन संकेतों के मुताबिक पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार गुप्ता के ज्येष्ठ पुत्र अरूण कुमार गुप्ता को शहर जिला और नगेन्द्र नेगी को जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) का अध्यक्ष बनाया जा रहा है।मालूम हो कि श्री नेगी पूर्व में भी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। यूं तो विधानसभा चुनाव के बाद से ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष बदलने के कयास लगाए जा रहे थे। अब जबकि, लोकसभा चुनाव की बेला एकदम नजदीक आ चुकी है। ऐसे में कांग्रेस के भीतरखाने में काफी खदबदाहट है और एक दो दिन के अंदर कांग्रेस अध्यक्षों की सूची जारी की जाने वाली है। छत्तीसगढ़ के पूरी तरह से बदल चुके राजनैतिक परिदृश्य में खासकर रायगढ़ में अरुण गुप्ता बदलती भूमिका में नजर आने वाले हैं। अरूण कुमार गुप्ता का नाम एकदम तय माना जा रहा है। बशर्ते अंतिम क्षणों में कोई बड़ा उलटफेर न हो।

कृष्ण कुमार गुप्ता के राजनैतिक उत्तराधिकारी के रूप में अरूण गुप्ता की ताजपोशी के पीछे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत की अहम भूमिका मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक अरूण गुप्ता श्री महंत की पहली पसंद हैं। उल्लेखनीय हो कि पिछले विधानसभा चुनाव में अरूण गुप्ता टिकट के प्रबल दावेदार थे लेकिन ऐन मौके पर किस्मत ने उन्हें गच्चा दे दिया। नगर निगम सभापति जयंत ठेठवार को पूर्व में कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा थी परन्तु श्री ठेठवार ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निर्वहन करने में असमर्थतता जताई है।वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री शाखा यादव व प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव राकेश पाण्डेय अभी भी रेस में बने हुए हैं लेकिन अरूण गुप्ता का नाम सामने आने के बाद उनकी दावेदारी कुछ ठंडी पड़ गयी है। अरूण गुप्ता की प्रस्तावित नियुक्ति की आहट पाते ही कृष्ण कुमार गुप्ता के पुराने विरोधी लामबंद हो गए हैं और एक बैठक कर प्रदेश नेतृत्व को अपनी तीखी आपत्ति दर्ज कराने की तैयारी में हैं। इसी तरह जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष के विषय पर अब कहीं किन्तु- परन्तु की गुंजाईश बाकी नहीं है। पूर्व मंत्री उमेश पटेल के विश्वसनीय सिपहसलार नगेन्द्र  नेगी की नियुक्ति लगभग तय है।

Aslam Khan

मेरा नाम असलम खान है, मैं MaandPravah.com का संपादक हूँ। इस पोर्टल पर आप छत्तीसगढ़ सहित देश विदेश की ख़बरों को पढ़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button